पाकिस्तान में टेरर फंडिंग के लिए मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के तीन सहयोगियों को 16 साल की जेल

पाकिस्तान के एंटी-टेररिज्म कोर्ट (एटीएस) ने शुक्रवार को आतंकी संगठन जमात-उद-दावा के तीन बड़े नेताओं और 2008 के मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के सहयोगियों को 16 साल की सजा सुनाई है। तीन नेताओं में शामिल हाफिज अब्दुल रहमान मक्की और हाफिज अब्दुस सलाम को लाहौर हाईकोर्ट ने टेरर फंडिंग के दूसरे मामले में दो हफ्ते पहले ही जमानत पर रिहा किया था।
एटीसी ने जफर इकबाल और हाफिज अब्दुस सलाम बिन मुहम्मद को साढ़े 16 साल की सजा सुनाई है। उनपर डेढ़-डेढ़ लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। हाफिज सईद के बहनोई हाफिज अब्दुल रहमान मक्की को भी उसी मामले में डेढ़ साल की सजा सुनाई गई है। उस पर 20,000 रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है।
कड़ी सुरक्षा के बीच शुक्रवार को कोर्ट की सुनवाई हुई। एक अधिकारी ने बताया कि एटीसी के जज एजाज अहमद बुट्टर ने फैसला सुनाया। पिछले सप्ताह ही संदिग्धों को इस मामले में आरोपी बनाया गया था।
हाफिज अभी जेल में बंद
फरवरी में लाहौर के एक एटीसी ने सईद को टेरर फंडिंग का दोषी पाए जाने के बाद 11 साल जेल की सजा सुनाई थी। कोर्ट ने सईद और उसके करीबी सहयोगी जफर इकबाल को दो मामलों में साढ़े पांच साल की सजा सुनाई। सईद लाहौर की कोट लखपत जेल में बंद है। उसे पिछले साल जुलाई में गिरफ्तार किया गया था।
मुंबई हमले में 166 लोग मारे गए थे
पंजाब पुलिस के काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट ने राज्य के कई शहरों में टेरर फंडिंग के लिए सईद और उसके गुर्गों के खिलाफ 23 एफआईआर दर्ज की थी। सईद के नेतृत्व वाली जमात उद दावा, लश्कर-ए-तैयबा का सबसे बड़ा संगठन है। यह 2008 के मुंबई हमले को अंजाम देने के लिए जिम्मेदार है। इस हमले में 166 लोग मारे गए थे, जिनमें छह अमेरिकी भी शामिल थे।
हाफिज सईद ग्लोबल टेररिस्ट
अमेरिका ने सईद को ग्लोबल टेररिस्ट के रूप में नामित किया है और 2012 के बाद से उस पर 10 मिलियन डॉलर (करीब 73 करोड़ रु.) का इनाम भी रखा है। उसे दिसंबर 2008 में सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 1267 के तहत भी आतंकवादी घोषित किया गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/34DJFtX
Comments
Post a Comment